हाईवे में चंदपुरवा गेट के पास घटनास्थल पर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर। नेशनल हाईवे पर चंदपुरवा गेट के पास ट्रक और डंपर की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक की मौत और तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस दो घंटे बाद यातायात सामान्य करा सकी।
शुक्रवार को रात 10 बजे एक ट्रक मौदहा से सरसों लादकर आगरा जा रहा था। इस ट्रक को कस्बे के ऊंछा थोक निवासी मनोज कुमार (45) चला रहा था। उसके साथ पचखुरा खुर्द निवासी शिवलखन (40) खलासी था। चंदपुरवा गेट के पास कानपुर की ओर से कबरई जा रहे डंपर से ट्रक की भिड़ंत हो गई। डंपर तिरछा होकर हाईवे पर खड़ा हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालक व खलासियों को निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां खलासी फतेहपुर के थाना हथगांव के सिचारा निवासी सचिन यादव (28) की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। हादसे से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर यातायात सामान्य कराया।