मृतक गयाप्रसाद पांचाल की फाइल फोटो
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। शादी में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपती को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे पति की मौत और पत्नी घायल हो गई। परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के स्योड़ी गांव निवासी गया प्रसाद पांचाल (45) रविवार शाम पत्नी पुष्पा (40) के साथ बाइक से सिकंदरपुरा में रिश्तेदार रमेश पांचाल के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। सैदपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक भाग गया। घायल दंपती को राहगीरों ने सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने दोनों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में गया प्रसाद ने दम तोड़ दिया। घायल पुष्पा की हालत गंभीर होने पर उरई से मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। मृतक के पुत्र भूपेंद्र पांचाल ने बताया पिता गयाप्रसाद फर्नीचर बनाने का काम करते थे। एक बीघा भूमि पर खेती कर घर का गुजारा होता था। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पुत्र भूपेंद्र, भारत और पुत्री क्रांति को रोते-बिलखते छोड़ गए है। कोतवाल दिनेश सिंह ने कहा अज्ञात ट्रक व चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।