राठ। कोतवाली क्षेत्र के मसगांव में एक किसान ने गांव के बाहर खेत में फांसी लगाकर जान दे दी। मसगांव गांव निवासी परमेश्वरीदयाल ने बताया कि उसका चचेरा भाई राधेलाल (55) पुत्र जगन्नाथ शुक्रवार सुबह खेत देखने की कहकर घर से निकला था। दोपहर बाद वह भी खेतों की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही गोरेलाल के खेत की मेड़ पर लगे पेड़ से राधेलाल का शव झूलता देख हड़कंप मच गया। जब तक शव को फांसी से उतारा गया उसकी मौत हो चुकी थी। बताया कि राधेलाल के नाम 6 बीघा कृषि भूमि है, जिस पर खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था। पुत्र सुखदेव व प्रमोद भी पिता के साथ खेती में हाथ बंटाते थे। गोहांड स्थित एक बैंक से 26 हजार रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड पर कर्ज लिया था। बताया कि खेती घाटे का सौदा साबित हो रही थी। घर खर्च के लिए उसने साहूकारों से एक लाख रुपये कर्ज लिया था। इसे न चुकाने पर वह काफी परेशान रहता था। आशंका जताई कि कर्ज चुकता न होने पर फांसी लगाकर जान दी। कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा कि सूचना पर एसआई को भेजा है। कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।