मौदहा (हमीरपुर)। दो दिन पहले कस्बे के नेशनल हाईवे स्थित टायर एजेंसी मालिक पर दबंग ने फायरिंग की थी। जिसमें व्यापारी बाल-बाल बचे थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने अभी तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया है। जिससे व्यापारियों में रोष है। रविवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष के नेतृत्व में कस्बे के एक गेस्ट हाउस में व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में सीओ व कोतवाल ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे कस्बे के नेशनल चौराहा स्थित टायर एजेंसी में व्यापारी अंकित शिवहरे बैठे थे। तभी कुछ लोग आए और उधार टायर मांगने लगे। उधार न देने पर दबंग युवकों ने तमंचे से अंकित पर फायर झोंक दिया। जिसमें वह बाल-बाल बचे। घटना के दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी हैं। जिससे व्यापारियों में आक्रोश है। रविवार को कस्बे के एक गेस्ट हाउस में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष फरीद अहमद के नेतृत्व में व्यापारियों की बैठक हुई।
बैठक की जानकारी होने पर सीओ रवि प्रकाश सिंह व कोतवाल मिथलेश कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। जहां उन्होंने व्यापारियों से बात की और मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही। वही पर व्यापारी नेताओं ने सीओ को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मलीकुआं चौराहे से अरतरा चौराहे तक लगने वाले जाम से निजात दिलाने और अन्य समस्याएं रखी। इस मौके पर धनीराम गुप्ता, नईम अहमद, राजेंद्र मधुपिया, राजू मेंबर, मोहम्मद आसिफ आदि रहे।