मौदहा (हमीरपुर)। तहसील क्षेत्र के सिसोलर गांव में सड़क किनारे कूड़ा डाल रही महिला को ओवरलोड ट्रक रौंदता हुआ निकल गया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने टिकरी-सुमेरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। सीओ के समझाने पर करीब पांच घंटे बाद ग्रामीण माने और जाम खोला।
सिसोलर गांव निवासी सरोज कुमारी (45) पत्नी दधीचि कुमार शनिवार सुबह अपने घर में झाडू़ लगाने के बाद कूड़ा सड़क किनारे फेंक रही थी। तभी वहां से निकल रहे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्र हो गए। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिसोलर के सुमेरपुर टिकरी मार्ग को जाम कर नारेबाजी की। ग्रामीण ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने, 20 लाख मुआवजा देने, ट्रकों को बाईपास से निकाले जाने व गांव के अंदर ब्रेकर बनवाने, ओवरलोड खनन बंद कराने, ट्रकों को पुराने रास्ते से गुजारे जाने, पोकलैंड मशीनों से खनन पर रोक लगाने की मांग की।
सूचना पर सिसोलर थानाध्यक्ष रीता सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। इसके बाद सीओ रवि प्रकाश सिंह व मौदहा व बिवांर थानों की पुलिस को लेकर पहुंचे। सीओ ने ग्रामीणों को समझाया बुझाया और ग्रामीणों की मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। परिजनों से कहा आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। तब कहीं जाकर पांच घंटे बाद ग्रामीण माने और जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक सरोज अपने पीछे 6 पुत्रियां छोड़ गई हैं।