गोहांड गांव के कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करते डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व एसपी श्लोक कुमार।
- फोटो : HAMIRPUR
सरीला (हमीरपुर)। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को गोहांड कस्बे के दो मोहल्लों में दो और प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ क्षेत्र में मरीजों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। वहीं जिले में संक्रमितों की संख्या 19 हैं। जानकारी होने पर डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व एसपी श्लोक कुमार गोहांड पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मोहल्ले की गलियों को सील कर सैनिटाइज किया गया है। आने जाने वालों पर सख्ती है।
गोहांड कस्बे के गांधीनगर व राजेंद्रनगर मोहल्ले में संक्रमित मिलने पर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। डीएम व एसपी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दोनों संक्रमितों को मेडिकल कालेज बांदा भेजा गया है। डीएम ने कहा निगरानी समिति एक्टिव रहे। सामाजिक दूरी का पूरी तरह पालन कराया जाए।
बाहर से आए सभी प्रवासियों के सैंपल लिए जाएं। वहीं कंटेनमेंट जोन को सील कर दिया गया है, गलियों में बैरियर लगाए गए हैं। डीएम ने कहा कंटेनमेंट जोन में सभी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। कंटेनमेंट जोन में प्रवेश करने वाले सुरक्षा, स्वास्थ्य कर्मी कोविड-19 के दृष्टिगत सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण व मास्क आदि का उपयोग करें।
आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करने वाले भी सुरक्षा उपकरण पहनकर ही जाएं। अन्य लोगों की तत्काल जांच कराई जाए। क्षेत्र की निगरानी समिति सक्रिय होकर सभी पर नजर रखें।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि जिसे भी कोरोना के लक्षण खांसी, जुखाम, बुखार आदि की समस्या हो वह निगरानी समिति को अथवा अपने बीडीओ, एसडीएम या सीओ आदि को इसकी सूचना दे। उनकी मदद की जाएगी।
कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों का अनिवार्य रूप से सैंपल लिए जाएं। एसडीएम जुबेर बेग ने बताया प्रवासी लोगों के परिवार व संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।