फोटो 07एचएएमपी 25- घर में पुलिस कस्टडी में बैठे कांग्रेस नेता। संवाद
प्रयागराज में आयोजित नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम में जाने से रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रयागराज में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होने से पहले कांग्रेस प्रवक्ता उज्जवल पाठक को पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद कर लिया। पुलिस के इस व्यवहार पर वह भड़क गए और बोले भाजपा सरकार उनसे पूरी तरह डरी हुई है, इसलिए बार-बार उन्हें नजरबंद किया जा रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सुबह जब वह अपने घर पर थे तभी कोतवाली पुलिस दरोगा दो सिपाहियों के साथ आ गए। आने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि आपको हाउस अरेस्ट किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस भेजकर उन्हें उनके ही आवास में नजरबंद करना सरकार का कायराना कदम है। यह पूरी तरह असंवैधानिक, अलोकतांत्रिक और अनैतिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवागमन की स्वतंत्रता से वंचित कर उनके मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। हम गांधीवादी हैं, न डरने वाले हैं और न ही किसी दबाव में झुकेंगे। सरकार के ऐसे कदमों से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
रागौल स्टेशन पर रोके गए कांग्रेसी
मौदहा। प्रयागराज में आयोजित होने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रागौल रेलवे स्टेशन पर रोक लिया। कार्यकर्ता कानपुर इंटरसिटी ट्रेन से प्रयागराज जाने की तैयारी में थे।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे हमीरपुर के छात्रों की समस्याएं और सरकार की नीतियों के विरोध का मुद्दा राहुल गांधी के समक्ष रखने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक चंद्र, नगर अध्यक्ष अहमद हसन, शकील अहमद उर्फ बच्चू पालीवाल, सेवा दल के जिलाध्यक्ष सलीम अहमद, की अहमद, वातास खान,भज्जन अली समेत अन्य कार्यकर्ताओं को स्टेशन परिसर में रोक दिया गया। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई की गई है।