भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के पुरुषोत्तम नगर में बारहों में खाना बनाने आए हलवाई की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। इससे सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।परिजनों ने पोस्टमार्टम की मांग की है।
कस्बे के पुरुषोत्तम नगर निवासी राजेश पराशर के घर पर मंगलवार को बेटे का बारहों कार्यक्रम चल रहा था। मकान के प्रथम तल में सुंदरकांड का पाठ हो रहा था और दूसरी मंजिल पर हलवाई खाना तैयार कर रहे थे। उनके मकान के ठीक बगल से 132 केवी पावर हाउस से आई 33 केवी लाइन गुजरी है। सुबह करीब 10 बजे कानपुर नगर के घाटमपुर क्षेत्र के गुच्छूपुर निवासी हलवाई रामसेवक यादव (57) ने परात में रखा गंदा पानी हाईटेंशन लाइन की तरफ फेंक दिया। पानी फेंकते ही वह करंट की चपेट में आकर छत पर ही गिर गया। मौजूद लोग उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर इसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भतीजे रामप्रकाश ने बताया कि खाना बनाने का ठेका धरमपुर निवासी सुरेंद्र कुमार सैनी ने लिया था। उसी ने चाचा सहित पांच छह लोगों को खाना बनाने के लिए घाटमपुर से बुलवाया था। भतीजे काजू को भी करंट का झटका लगा है। हालांकि वह सुरक्षित है। वह अपने पीछे पत्नी रामसखी, बेटा ब्रजपाल सहित तीन बेटियों को रोता बिलखता छोड़ गया।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। करंट की चपेट में आने से हादसा हुआ है। अवर अभियंता विद्युत कार्तिकेय त्रिपाठी ने बताया कि लाइन पहले से बनी थी। लोगों ने मकान लाइनों के आसपास बना लिए हैं।
पहले भी हो चुके हादसे
- बता दें कि आबादी के मध्य से गुजरी इस हाईटेंशन लाइन से कई हादसे हुए हैं। इसको बस्ती के मध्य से हटाने के लिए एक दशक से मांग हो रही है। इस नगर को बसाने वाले पुरुषोत्तम सिंह हाइटेंशन लाइन को हटाने के लिए कई बार पत्राचार कर चुके हैं। लेकिन जिम्मेदार नियम कानून बताकर मामले को टरकाते आ रहे हैं।