सरीला। राजकीय हाईस्कूल झबरा चंडौत में शुक्रवार को कॅरिअर मेले का आयोजन हुआ। इसमें छात्रों को उच्च शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि और राजकीय हाईस्कूल जरिया के पूर्व प्रधानाचार्य जेपी यादव ने किया। उन्होंने छात्रों को इंजीनियरिंग, चिकित्सा तथा अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में जानकारी दी।
प्रधानाचार्य मेहेर कुमार ने छात्रों को एकाग्रता, समय प्रबंधन और संसाधनों के सही उपयोग के माध्यम से अपने सपनों को दिशा देने की प्रेरणा दी। चंडौत चौकी प्रभारी रमाकांत शुक्ला ने पुलिस विभाग में भर्ती प्रक्रिया, तैयारी और भविष्य की संभावनाओं पर छात्रों को बताया। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (अयोध्या) में प्रतिभाग करने वाली छात्राएं करिश्मा और श्रींका तथा हैंडबॉल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता (आगरा) में प्रतिभाग करने वाली छात्राएं रक्षा, निशा, प्रीति, प्रियंका, सोनम और ज्योति को नोडल प्रभारी एवं शारीरिक शिक्षक दीपक कुमार ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर चिकित्सक दीपक कुमार, अभियंता हरेंद्र कुमार, पंख पोर्टल अध्यक्ष श्रीमती प्यारी देवी, शिक्षक संदीप कुमार, बृजेश, बालेन्द्र सहित अनेक अभिभावक मौजूद रहे।