हमीरपुर। संचारी रोगों के खिलाफ अभियान का बुधवार से शुभारंभ हुआ। डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम से अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में मौजूद लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए शहर में भ्रमण किया।
डीएम ने कहा बारिश के मौसम में संचारी रोग तेजी से फैलते हैं। हर साल इन बीमारियों पर काबू पाने को लेकर अभियान चलाया जाता है। इस साल भी 31 जुलाई तक अभियान चलेगा। उन्होंने आम जनमानस से इसमें सहयोग की अपेक्षा की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के विभागाध्यक्षों को भी अभियान में शत-प्रतिशत योगदान देने को निर्देशित किया। जिला मलेरिया अधिकारी आरके यादव ने बताया ग्राम स्तर पर आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी के माध्यम से अभियान चलेगा। ग्राम स्वच्छता समिति के माध्यम से गांवों में सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, कचरे का निस्तारण, खुले में शौच पर रोक आदि कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर सीडीओ कमलेश कुमार वैश्य, एसीएमओ डा. आरके यादव, डा. रामअवतार, डा. अनूप निगम, डा. एमके बल्लभ, उप क्रीड़ाधिकारी दिनेश कुमार रहे।