मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 15 दिसंबर को जिले में आएंगे। वह डायल 100 सेवा की शुरुआत करेंगे। इसको लेकर राजकीय डिग्री कालेज कुछेछा में हेलीपैड व जनसभा के लिए मंच बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं डायल 100 सेवा के वाहनों पर ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को परेड ग्राउंड में एसपी एके सिंह व नोडल अधिकारी/एएसपी बीके मिश्रा ने ब्रीफ कर ड्यूटियां बांटी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस कर्मियों का रिहर्सल कराया गया।
हमीरपुर, महोबा व जालौन जिले में शुरू होने वाले डायल 100 सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्यालय से तीन किमी दूर कुछेछा स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर से करेंगे। डिग्री कालेज परिसर के मैदान के एक छोर पर हेलीपैड बनाया जा रहा है, जबकि हेलीपैड से 100 मीटर की दूरी पर जनसभा का मंच तैयार किया जा रहा है। डीएम उदयवीर सिंह व एसपी एके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर रहकर तैयारियों का जायजा लेते रहे। एसपी ने बताया यह सेवा 24 घंटे काम करेगी। इसके लिए पुलिस कर्मियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। दिन रात के हिसाब से ड्यूटियां बदलती रहेंगी।
32 जीपीएस सिस्टम लगे वाहन आए
हमीरपुर। एसपी ने बताया 100 सेवा के लिए जिले को 32 बोलरो वाहन जीपीएस सिस्टम लगे मिले हैं। उन्होंने बताया प्रत्येक वाहन में एक चालक, एक एसआई व एक सिपाही रहेगा। एसआई को कमांडर के नाम से जाना जाएगा। वहीं सिपाही को उप कमांडर के नाम से पुकारेंगे। कमांडर के पास एक शस्त्र पिस्टल रहेगा। मौके की नजाकत को देख संबंधित थाने को सूचना देगा। जिससे और फोर्स तत्काल उस स्थान पर पहुंच जाएगा।
साढ़े 12 बजे सीएम करेंगे संबोधित
हमीरपुर। एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया 15 दिसंबर सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री लखनऊ से हेलीकाप्टर से चलेेंगे। दोपहर 12 बजे कुछेछा स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। जहां वह 12:05 बजे डायल 100 सेवा की शुरुआत के हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद 12:15 बजे इसी परिसर में बने जनसभा मंच पर पहुंचेंगे। जहां मुख्यमंत्री समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों को लाभांवित करेंगे। दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
फोेटो परिचय 13 एचएएमपी 7 जेल रोड के पास मुख्य सड़क में पैचिंग करता मजदूर।
सड़क पर पैच वर्क करता मजदूर
हमीरपुर। सीएम के दौरे को लेकर लोक निर्माण विभाग ने भी तेजी दिखानी शुरू कर दी है। मुख्यालय का मुख्य मार्ग बस स्टैंड से लेकर लक्ष्मीबाई तिराहा तक अति जर्जर है, जिस पर पैच वर्क कराया जा रहा है। इस मार्ग को सीसी बनाया जाना है। मगर विभाग की लेटलतीफी के कारण यह कार्य अभी शुरूनहीं हो सका है।