मौदहा (हमीरपुर)। बारिश के शुरूआती दौर में ही कस्बे के अधिकांश नाले बजबजा रहे हैं। मगर नगर पालिका उदासीन है। वहीं क्षेत्र में नालों की संख्या करीब दो दर्जन है।
मानसून सत्र शुरू होने के करीब है। वहीं प्री-मानसून ने अपने तीखे तेवर दिखा दिए हैं। लेकिन नगर पालिका ने नालों की सफाई नहीं कराई है। कोरोना बीमारी के चलते नगर पालिका ने कस्बे में सफाई और सैनिटाइजेशन का काम कराया है। लेकिन काफी समय से नालों की सफाई न होने से कस्बे के लगभग दो दर्जन नाले पूरी तरह से बजबजा रहे हैं। इनसे दुर्गंध फैल रही है। जिससे आसपास के लोगों में मलेरिया, टाइफाइड, चेचक व अन्य बीमारियों के फैलने की संभावना है।
इतना ही नहीं कस्बे के आदर्श कालेज के सामने, बड़ी देवी मंदिर के सामने, काठी पीरबाबा, रेलवे स्टेशन रोड, फत्तूबाबा रोड के नालों की स्थिति बदतर है। फत्तेपुर का नाला तो पहली ही बारिश में ओवरफ्लो हो चुका है। इस बारे में नगर पालिका चेयरमैन रामकिशोर का कहना है नालों की सफाई के लिए कई दस्ते बनाए हैं। युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। जल्द ही नालों को साफ कराया जाएगा।