ायर गांव में जाम लगाए ग्रामीणों को समझाते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा (हमीरपुर)। सायर गांव में एक सप्ताह से पेयजल संकट को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को बैलगाड़ियां लगाकर सायर-बिवांर मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम व सीओ ने समस्या का समाधान का आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया। जाम से आवागमन बाधित रहा।
सायर गांव में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 15 वर्ष पूर्व बनी ग्राम समूह योजना धीरे-धीरे सिमट कर सायर व उपरी गांव तक रह गई। यहां लगे तीन नलकूपों में से मात्र दो नलकूप ही पानी देने के लिए रह गए हैं। इनमें भी एक ही नलकूप क्षमता के अनुसार पानी दे रहा है। पुरानी टंकी का वाल्व खराब होने पर यहां कई दिनों से पानी का संकट और बढ़ गया है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को उप जिलाधिकारी के आवास पहुंचकर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया था। सोमवार को सुबह पानी न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने सायर-बिवांर मार्ग पर बैलगाड़ियां लगाकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव व क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर तत्काल वाल्व ठीक कराने के साथ पानी देने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने जाम खोला।
प्रभात यादव ने कहा कि गांवों को पानी नहीं मिल रहा है। शिकायत पर भी सुनवाई नहीं होती है। रामदयाल पाल ने कहा निचले स्थानों में तो कुछ पानी पहुंच जाता है, लेकिन ऊपरी क्षेत्र के लोग प्यासे रह जाते हैं। अफसरों से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
जल निगम के अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि योजना के दो नलकूप काम कर रहे हैं। इसमें एक ठीक-ठाक पानी दे रहा है। दूसरे में पानी बहुत कम है। ऐसी स्थिति में सायर और उपरी देवकली में ऊंचे में बसे घरों में समान रूप से पानी देना आसान नहीं है। इसके लिए रोस्टर बनाया गया है। रोस्टर के अनुसार पानी मुहैया कराया जाता है। फिलहाल पानी की टंकी के वाल्ब खराब होने से गांव वालों को पानी नहीं मिल पाया था। उसे ठीक कराया गया था। वाल्व की चूड़ियां टूटने से उसने काम करना बंद कर दिया। तत्काल इसे ठीक कराया जा रहा है।
-