भरुआसुमेरपुर। नोडल अधिकारी/पर्यटन विभाग के निदेशक रवि कुमार एनजी ने शुक्रवार को एल-वन हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य कर्मियों व मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन दिए जाने के निर्देश दिए। गौरतलब हो कि दो दिन पूर्व फार्मासिस्ट संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ने खराब खाना दिए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से सोशल मीडिया के माध्यम से की थी। इसके बाद उन्होंने चंदपुरवा बुजुर्ग के मजरा इटरा का निरीक्षण कर सफाई, बिजली, पानी के साथ विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस मौके पर उन्होंने पर्यटन के लिहाज से इटरा के बजरंगबली मंदिर के विकास की संभावनाएं देखीं।
जनपद के नोडल अधिकारी शुक्रवार को शाम 4 बजे इटरा के बजरंगबली मंदिर प्रांगण पहुंचे। कोविड-19 की हेल्प डेस्क का अवलोकन करते हुए मौजूद एएनएम व आशा से आवश्यक जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण का भ्रमण कर पर्यटन की संभावनाओं को टटोला। इस मौके पर डीएम डा. ज्ञानेश्वर त्रिपाठी, सीडीओ कमलेश कुमार वैश्य, डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजय कुमार मीणा, बीडीओ अभिमन्यु सेठ, एडीओ पंचायत सत्यप्रकाश गुप्ता, सीएमओ डा. आरके सचान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामबिहारी कुशवाहा, पंचायत सचिव अरविंद कुमार पाल रहे। संवाद
नोडल अधिकारी ने की समीक्षा
हमीरपुर। कोविड-19 व संचारी रोगों के संक्रमण से बचाव को नामित नोडल अधिकारी/महानिदेशक पर्यटन रवि कुमार एनजी ने शुक्रवार को स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता और सैनिटाइजेशन पर टीम-11 के साथ डाक बंगले में बैठक की। उन्होंने शनिवार व रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने कहा घर-घर सर्वे करने वाली टीम की ठीक ढंग से निगरानी की जाए। अस्थमा, हार्ट, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज व हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को चिह्नित कर अलर्ट करें।
आरटीपीसीआर, एंटीजन व ट्रूनेट से अधिक से अधिक टेस्ट किए जाएं। कोविड अस्पतालों में सभी सीसीटीवी क्रियाशील रहें। उन्होंने कुरारा के हास्पिटल को कोविड लेवल-2 बनाने के निर्देश दिए। एंबुलेंस व्यवस्था की समीक्षा कर उसके रिस्पांस टाइम में सुधार के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी, सीडीओ कमलेश कुमार वैश्य, एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव, ज्वांइट मजिस्ट्रेट संजय कुमार मीणा, सीएमओ डा. आरके सचान मौजूद रहे।