भरुआसुमेरपुर। विकासखंड क्षेत्र में करोड़ों की लागत से बनी इंगोहटा-छानी सड़क बारिश व भारी वाहनों के गुजरने से ध्वस्त हो गई है। सड़क पर गड्ढे हो जाने से छोटे वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। इंगोहटा-छानी मार्ग ब्लाक की प्रमुख सड़कों में शामिल है। इस मार्ग से सैकड़ों गांवों के लोगों का प्रतिदिन आना जाना है।
दो साल पहले इस सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करोड़ों की लागत से तैयार किया गया था। उस समय यह सबसे बेहतरीन सड़क थी। यह सड़क छानी में राठ मार्ग से शुरू होकर इंगोहटा में नेशनल हाईवे-34 पर जुड़ती है। इससे आधा दर्जन से ज्यादा ग्राम पंचायतें जुड़ती हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन मुस्करा, सरीला एवं सुमेरपुर विकासखंड क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों का कानपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर आदि प्रमुख जगहों पर आना जाना होता है।
इस वर्ष बारिश के सीजन में यह सड़क चलने लायक नहीं बची है। कार्यदायी संस्था के गायब होने के कारण इसकी मरम्मत भी नहीं हो पा रही है। बारिश होते ही यह सड़क जगह-जगह तालाब नजर आती है। बतादें कि राठ, हमीरपुर मार्ग निर्माणाधीन होने के कारण छानी से हमीरपुर तक सड़क बारिश होते ही जाम हो जाती है। इस वजह से राठ, मुस्करा, बिवांर की तरफ से आने वाले सभी भारी वाहन इसी मार्ग होकर हमीरपुर की ओर जाते हैं।
परिवहन निगम की बसें भी इसी मार्ग से होकर चलाई जा रही हैं। मवईजार के ग्राम प्रधान महेश शिवहरे, बंडा के पूर्व प्रधान संजय सिंह, छानी खुर्द के हरगोविंद प्रजापति, धनपुरा के प्रधान मयंक निगम, पूर्व प्रधान जयराम प्रजापति आदि ने बताया इंगोहटा से लेकर छानी तक अट्ठारह किमी लंबी सड़क में जगह-जगह पर भारी भारी गड्ढे हो गए हैं। इंगोहटा के प्रधान शीतल प्रसाद कोरी व विदोखर मेंदनी के प्रधान प्रतिनिधि रामनरेश मिश्रा आदि ने सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।