कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक लेते डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में ली। बैठक में 50 फीसदी से कम गेहूं खरीद करने वाले केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने कहा जुलाई के प्रथम सप्ताह में पौधरोपण होगा। इसलिए दो दिन में गड्ढे खोद लिए जाएं। फलदार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। कहा पेंशन प्रकरण के मामलों का तीन दिन में सत्यापन कराएं। जननी सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों, आशा, एएनएम का भुगतान समय से करें।
डीएम ने कहा जल संरक्षण के लिए सभी ब्लाकों में कम से कम तीन-तीन बड़े नालों का निर्माण/सफाई व सुंदरीकरण कराया जाए। परंपरागत जल स्रोतों का जीर्णोद्धार कराया जाए। 30 जून तक गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा करें। जिन केंद्रों में 50 फीसदी से भी कम खरीद हुई है। उन केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
यूपीपीसीएल यूनिट-12 की झांसी डिवीजन के कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम ने टेक्निकल टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ कमलेश कुमार वैश्य, प्रभागीय वनाधिकारी, एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव, सीएमओ डा. आरके सचान, पीडी चित्रसेन, उपायुक्त स्वरोजगार, जिला विकास अधिकारी विकास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।