मौदहा एसडीएम अजीत परेश को ज्ञापन देते पढ़ोरी गांव के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा। विकासखंड क्षेत्र के पढ़ोरी गांव निवासी ग्रामीणों ने सचिव व पंचायत मित्र पर सुविधा शुल्क लेकर आवास आवंटित करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।
पढ़ोरी निवासी ग्रामीणों ने एसडीएम अजीत परेश को ज्ञापन देकर बताया पहले प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों की संख्या 412 थी। जिसमें दिसंबर 2018 के आखिरी में 57 लोगों को अपात्र बता दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि पात्र लोगों को आवास आवंटित करने के बजाय रुपये लेकर अपात्रों को आवास आवंटित किए गए हैं। सहायक महेंद्र कुमार व पंचायत मित्र के माध्यम से सचिव लाभार्थियों से 10-15 हजार रुपये की मांग करते हैं। पैसे न मिलने पर लाभार्थियों के नाम सूची से हटा दिए गए और लाभार्थियों के खाते में जाने वाली आवास की किस्त रोक दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाभार्थियों के नाम, खाता संख्या, जाति आदि में जानबूझकर गड़बड़ी की गई है। शिकायत पर एसडीएम अजीत परेश ने जांच कराकर ग्रामीणों को शीघ्र ही आवास योजना का लाभ दिलाने की बात कही है। ज्ञापन देने वालों में राजकुमार नामदेव, रवि कुमार, सोमदेव, महेंद्र कुमार, अवधेश पाल, पक्षी वर्मा, मिलन निषाद, अनीता, ज्ञानवती, रामसखी आदि रहीं।