हरियाणा के कारोबारी के डेढ़ लाख के करीब पैसे लेकर भागे चालक को पुलिस ने
ऊना से गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को गुप्त सूचना के आधार पर कारोबारी के
चालक सुरेश कुमार निवासी भैसवान, सोनीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है।
उससे 1.35 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में
पेश किया जाएगा। आरोपी कार चालक हरियाणा के एक कास्मेटिक व्यापारी की कार
चलाता था। 15 अगस्त को कारोबारी भोरंज इलाके में दुकानदारों से पैसे की
वसूली के लिए आया। व्यापारियों से मिलने के चलते कार चालक को टाउन भराड़ी
स्थित लोनिवि के विश्रामगृह में ठहरने के लिए कहा।
आरोपी कार लेकर
विश्रामगृह जाने के बजाय फरार हो गया। आरोपी ने कार को शुक्र खड्ड के पास
खड़ा किया और कार के अंदर रखी रकम को लेकर फरार हो गया। व्यापारियों से
मिलने के बाद कारोबारी ने जब कार चालक को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद आया।
कुछ देर के बाद कारोबारी जब विश्रामगृह में पहुंचा तो कार चालक वहां नहीं
पाया गया। इस पर कारोबारी ने पुलिस थाना भोरंज में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस टीम हरियाणा के लिए रवाना हुई।
वीरवार को पुलिस को सूचना मिली कि
आरोपी ऊना में ठहरा हुआ है तो उसे गुप्त सूचना के आधार पर ऊना से गिरफ्तार
किया गया। कारोबारी ने आरोप लगाया है कि कार में 1.68 लाख रुपये रखे थे।