भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के बांदा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के समीप बरात में जा रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामूली रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाने के दौरान कुछ लोगों ने कार सवार बरातियों से हाथापाई कर कार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
कस्बा निवासी आशीष साहू ने बताया कि वह परिवार के साथ कार से बरात में शामिल होने जा रहे थे। बांदा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के समीप उनकी कार की टक्कर बांदा जनपद के नरैनी कस्बा निवासी लवलेश (22) की बाइक से हो गई। टक्कर लगने से लवलेश सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आशीष साहू उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। इसी दौरान मौके पर कुछ लोगों ने कार में सवार बरातियों से अभद्रता और मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आशीष ने धर्मेश्वर बाबा मोहल्ले के कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, बाइक सवार लवलेश की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि कार चालक ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।