हमीरपुर। लगातार बारिश के बीच तीसरे दिन हमीरपुर के प्रथम सब स्टेशन पर केबल बॉक्स फट गया। इससे शहर की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे तक बाधित रही। एक फीडर से जुड़े लगभग 1500 उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा। इंसुलेटर में खराबी आने के बाद केबल बॉक्स फटा, जिसकी मरम्मत के लिए पूरे शहर की बिजली बंद करनी पड़ी।
एसडीओ शहजाद खान ने बताया कि पहले इंसुलेटर में खराबी आई, फिर केबल बॉक्स फट गया। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कर्मचारियों ने तुरंत फॉल्ट ठीक करने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल की गई। हालांकि, केबल बॉक्स की मरम्मत के लिए सुरक्षा कारणों से दोबारा पूरे शहर की बिजली बंद करनी पड़ी। बिजली विभाग के कर्मचारियों को लगातार बारिश के बीच फॉल्ट तलाशने और उसे ठीक करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी।
बिजली बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम ठंडा होने के कारण उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। करीब 1500 उपभोक्ताओं को पांच घंटे से अधिक समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।