हमीरपुर। कानपुर से छतरपुर सवारी लेकर जा रही मप्र की बस का मुख्यालय स्थित रोडवेज परिसर में एआरटीओ ने चालान कर दिया। वहीं बस में सवार महिला यात्रियों ने आरोप लगाया कि एआरटीओ से दूसरा साधन देने की मांग का तो अभद्रता करने लगे।
मध्य प्रदेश परिवहन की बस शुक्रवार को कानपुर से सवारी लेकर मुख्यालय पहुंची। तभी चालक मोहम्मद इकबाल बस को रोडवेज के पास से घुमाने लगा। इस पर स्थानीय रोडवेज कर्मियों ने मध्य प्रदेश की बस द्वारा डिपो से सवारी भरने की शिकायत कर दी। मौके पर पहुंचे एआरटीओ भगवान प्रसाद ने बस का चालान कर दिया। साथ ही बस को कोतवाली में खड़ा करा दिया। इस मामले में बस चालक ने बताया कि गाड़ी के कागज व परमिट होने के बाद भी चालान कर दिया। यात्रा कर रही नीरजा ओमर, वाहिद अली, सलमा ने बताया कि कानपुर से छतरपुर जा रहे थे। आरोप लगाया कि एआरटीओ से दूसरा साधन उपलब्ध कराने को कहा तो वह अभद्रता करने लगे। एआरटीओ भगवान प्रसाद ने कहा कि बस चालक ने परमिट नियमों का उल्लंघन किया है। कहा कि बस रोडवेज के पास से सवारी भर रही थी। जिस पर बस का 12,500 रुपये का शमन शुल्क वसूलकर छोड़ दिया गया है।