फोटो 21 एचएएमपी 20- शहर के बस अड्डा स्थिति मुख्य सड़क पर तिरछा खड़ी रोडवेज बस। संवाद
हमीरपुर। जिला मुख्यालय शनिवार दोपहर डग्गामार वाहन के एक चालक ने राठ रोडवेज डिपो के चालक को बस से उतारकर पीट दिया और भाग निकला। घटना से गुस्साए डिपो के चालकों और परिचालकों ने कार्रवाई की मांग करते हुए बस को हमीरपुर-कालपी मुख्य मार्ग पर तिरछा लगाकर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक चले इस हंगामे के कारण करीब एक किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। जाम में एंबुलेंस के साथ-साथ स्कूली वाहन भी फंसे रहे।
राठ डिपो के बस चालक नीरज कुमार ने बताया कि एक दिन पहले शुक्रवार को रोडवेज के स्टेशन इंचार्ज और डग्गामार वाहन के मालिक के बीच विवाद हुआ था। इस पर उसने बीच बचाव किया था। इसी बात से नाराज डग्गामार वाहन चालक ने शनिवार की दोपहर उसे बस खींचकर उतारा। नजदीक बने डग्गामार वाहन के ऑफिस ले गए और उसे पीटा। वहीं, रोडवेज कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष शिवसरन सिंह ने कहा कि एक तो डग्गामार वाहन चालक बस अड्डा के बगल से दबंगई दिखाकर सवारियां भरकर ले जाते हैं और उनके चालकों के साथ मारपीट करते हैं। उन्होंने आरोपी डग्गामार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि पीड़ित बस चालक की तहरीर पर आरोपी चालक मूलचंद्र के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज सहित जानमाल की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही वाहन को क्रेन की मदद से थाने में खड़ा कराया गया है। करीब आधा घंटे में यातायात बहाल करा दिया गया था।
फोटो 21 एचएएमपी 20- शहर के बस अड्डा स्थिति मुख्य सड़क पर तिरछा खड़ी रोडवेज बस। संवाद