फोटो05एचएएमपी- 01 तहसील परिसर में अपनी समस्या बताती बुजुर्ग महिला। संवाद
- मतदाता सूची से नाम कटने की वजह से परेशान है कांशीराम कॉलोनी की महिला
- वृद्ध महिला को बीएलओ ने टरकाया, कहा नाम जुड़वाना है तो जाकर ऑनलाइन फार्म-6 भरो
- नाम जुड़वाने, हटाने संशोधन समेत सभी फार्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दो प्रारूपों में भरने की व्यवस्था है
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में लापरवाही सामने आ रही है। कांशीराम कॉलोनी की एक वृद्ध अशिक्षित महिला अपने मताधिकार को बहाल कराने के लिए परेशान है। कच्ची मतदाता सूची में नाम न होने पर महिला ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क किया। इस पर बीएलओ ने उन्हें ऑनलाइन फार्म-6 भरने की सलाह दी जबकि फार्म-6 ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रारूपों में उपलब्ध है।
शहर की कांशीराम कॉलोनी निवासी नाथूराम की पत्नी भिक्खन का मतदेय स्थल श्रीविद्या मंदिर इंटर कॉलेज में है। वृद्ध महिला का नाम मतदाता सूची से कट गया है। कच्ची मतदाता सूची में नाम नहीं आया तो वह समस्या को लेकर बीएलओ के पास पहुंचीं। बीएलओ ने उसकी बात तो सुनी लेकिन समाधान नहीं किया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है तो फार्म-6 भरने की सलाह दे दी। जब महिला ने कहा कि फार्म-6 दे दो तो बीएलओ ने बताया कि ऑनलाइन भरा जाएगा। भिक्खन का कहना है कि पढ़ी-लिखी न होने की वजह से परेशानी हो रही है। वह ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाएंगी। भिक्खन बृहस्पतिवार को तहसील भी आईं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। भिक्कन अपने नाम के साथ ही बेटों के नाम को लेकर भी परेशान हैं। उनके दोनों बेटे शैलेंद्र कुमार व नीलेंद्र कुमार काम के सिलसिले में अन्य प्रदेश में हैं। उनका नाम नो-मैपिंग सूची में है। रिश्तेदार से संबंधित ब्योरा नहीं भरा है। इस वजह से लगातार सूचना आ रही है। भिक्खन ने बताया कि दो दिन से लगातार वह तहसील आ रही हैं लेकिन न तो उनकी समस्या का समाधान हुआ और न ही बेटों की समस्या। कागज ले आओ यह कह दिया जाता है।
वर्जन
फार्म-6 ऑनलाइन और ऑफलाइन दो प्रारूपों में भरने की व्यवस्था है। ऐसे में कोई बीएलओ सिर्फ ऑनलाइन ही भरा जाएगा कैसे कह सकता है। अगर ऐसा कहा है तो इसकी जांच की जाएगी। महिला से भी पूछा जाएगा। अगर लापरवाही पूर्ण जवाब दिया है तो कार्रवाई की जाएगी। नोटिस की सुनवाई में जरूरी दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। मतदाताओं को चाहिए कि वह सभी कागजात लेकर आएं।
केडी शर्मा, उपजिलाधिकारी, हमीरपुर
नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन के लिए 26 हजार आवेदन
हमीरपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) में कच्ची मतदाता सूची आने के बाद नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रकि्रया तेजी से आगे बढ़ रही है। जनपद में अब तक 26,117 फार्म 06, 07 व 08 भरे गए हैं। हमीरपुर में नाम हटवाने के लिए सबसे कम फार्म भरे गए हैं। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में नए मतदाता बनने के लिए लोग ज्यादा जागरूक नजर आ रहे हैं। यहां अब तक 10,282 फार्म-6 भरे गए हैं। यहां क्षेत्र में नाम हटाने के लिए 197 फार्म-7 भरे गए हैं। इसके अलावा नाम संशोधन के लिए 4351 फार्म-8 भरे गए हैं।
इसी तरह राठ विधानसभा क्षेत्र में 9169 ने मतदाता बनने के लिए फार्म-6 भरे। नाम हटाने के लिए 371 और संशोधन के लिए 1746 फार्म भरे गए। जिले में ऑफलाइन व ऑन लाइन दोनों ही तरीके से फार्म-6, 7 और 8 भरे जा रहे हैं। फार्म के सत्यापन का काम बीएलओ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व की गलतियों से सबक लेते हुए बीएलओ मौके पर जाकर हकीकत जान रहे हैं ताकि अंतिम सूची प्रकाशन के बाद खामियां सामने न आएं। दूसरी तरफ जिले में 50 हजार से अधिक नो-मैपिंग के मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं और उनकी लगातार सुनवाई की जा रही है। (संवाद)
-
पंचायत निर्वाचक नामावली के बेहतर कार्य के लिए बीएलओ सम्मानित
हमीरपुर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 के लिए पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण में ऐप का बेहतर प्रयोग करने पर आठ बीएलओ को पुरस्कार राशि दी है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसके शुक्ला ने बताया कि ई-बीएलओ ऐप पर 50 फीसदी से अधिक मतदाताओं की इंट्री करने पर राज्य निर्वाचन आयोग ने जनपद के आठ बीएलओ को प्रोत्साहन राशि देकर पुरस्कृत किया है। इसमें प्रथम श्रेणी बरहरा के ओमप्रकाश की रही जिन्हें 10 हजार की धनराशि दी जाएगी। द्वितीय श्रेणी में मुंडेरा के रमाशंकर अनुरागी को आठ हजार रुपये और तीसरी श्रेणी में महेरा के सुनील कुमार को छह हजार रुपये मिलेंगे। इसी तरह सांत्वना पुरस्कार की श्रेणी में इंगोहटा के रमेश कुमार प्रजापति, मुटनी के बृजराज, ममना के तेजप्रताप, सरसई के राहुल कुमार और खंडेह के राजू प्रसाद को तीन-तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। (संवाद)