भरुआ सुमेरपुर। तहसीलदार सदर की मौजूदगी में सोमवार को नगर पंचायत ने बस स्टैंड से लेकर पैलानी मार्ग, देवगांव चौराहा, लक्ष्मीबाई तिराहा, कमलेश तिराहा, धर्मेश्वर बाबा स्थित अंबेडकर पार्क में हुए अतिक्रमण को बुलडोजर से साफ कराया। बस स्टैंड के आसपास कुछ दुकानों के बाहर हुए अतिक्रमण में किसी तरह की कार्यवाही न करना चर्चा का विषय बनी हुई है।
सोमवार को नायब तहसीलदार सुभाष वर्मा ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलकमल सिंह के साथ थाना पुलिस को लेकर कस्बे में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। अतिक्रमण हटाने की शुरुआत निरीक्षण भवन के बाहर रखी दुकानों से हुई। बस स्टैंड के पास गुमटी खोमचे आदि हटाने के बाद प्रशासन का बुलडोजर पैलानी मार्ग में घुसा। यहां पर बस स्टैंड से लेकर देवगांव चौराहा तक अतिक्रमण को हटाया गया। यहां पर एक होटल के बाहर किए गए अतिक्रमण को न हटाना चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके बाद प्रशासन ने रानी लक्ष्मीबाई तिराहा, कमलेश तिराहा व धर्मेश्वर बाबा में आंबेडकर पार्क के अतिक्रमण को हटाया गया। इस मौके पर कानूनगो अशोक निगम, लेखपाल अशोक कुमार व विमलेश कुमार, नगर पंचायत के कर्मी तथा पुलिस बल मौजूद रहा।