बिवांर। थानाक्षेत्र के छानी खुर्द निवासी लक्ष्मी अनुरागी (70) का शव बृहस्पतिवार को गांव के पास बबूल के पेड़ में नायलॉन की रस्सी से लटका मिला। वृद्ध मंगलवार रात से लापता था। खेतों में मवेशी चराने गए रामबाबू ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। जिलापंचायत सदस्य हरगोविंद तथा प्रधान प्रतिनिधि अरुण कुमार ने बिवांर थाने को जानकारी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि शव बबूल के पेड़ की बेहद पतली शाखा पर लटका था। शव के आसपास लक्ष्मी के चप्पल-जूते नहीं मिले। ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। लक्ष्मी की पत्नी प्यारी ने बताया कि पति बीते मंगलवार देर शाम लगभग साढ़े सात बजे खाना खाने के बाद घर से निकले थे और तब से घर नहीं लौटे। परिजन उसे ढूंढते रहे लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। लक्ष्मी के चार पुत्र थे जिनमें दो का पहले ही निधन हो चुका है। बेटा राजाबाबू ने बताया कि पिता मजदूरी करते थे। ग्रामीणों के अनुसार लक्ष्मी को सांस की बीमारी थी।
बिवांर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं फाॅरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी नन्दराम ने बताया कि शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फाॅरेंसिक जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।