मौदहा (हमीरपुर)। यात्रियों को नदी पार उतारकर वापस लौट रहे नाविक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी होते ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिसोलर थाना क्षेत्र में केन नदी के किनारे बसे गांव बैजेमऊ निवासी शिव प्रकाश (35) नाव से यात्रियों को नदी पार कराने का काम करता था। पत्नी सीमा ने पुलिस को बताया कि अपनी दिनचर्या के मुताबिक मंगलवार दोपहर यात्रियों को नाव से नदी पार उतार कर वह गांव की ओर आ ररे थे तभी नाव में पानी भर गया, इससे नाव पानी में फंस गई और वह डूब गए l ग्रामीणों को खबर मिलने पर स्थानीय गोताखोरों ने नदी से नाविक को निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वह तीन भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके दोनों बड़े भाइयों की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। वह अपने पीछे पत्नी सीमा व चार बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया। मृतक नाव चला कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। अब परिजनों के सामने भरण पोषण की समस्या आ खड़ी हुई है। सिसोलर थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया की शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।