राठ में बेटों की मौत पर गमगीन बैठा पिता और अन्य परिजन ।
- फोटो : अमर उजाला
राठ (हमीरपुर)। शादी में जा रहे तीन बाइक सवार ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के चक्कर में पेड़ से भिड़ गए। बाइक सवार दो भाइयों में एक ने मौके पर और दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में दूल्हे का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न लगाने से तीन बाइक सवारों को गंभीर चोटें आईं।
बुधवार रात राठ-हमीरपुर मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। झांसी जिले के गरौठाटोला गांव निवासी हरी लोधी के पुत्र रामहेत की बारात बुधवार को कोतवाली के जखेड़ी गांव में गई थी। शादी में शामिल होने के लिए गांव के कृपाल लोधी के पुत्र रविंद्र कुमार (20), कृष्ण कुमार (19) और दूल्हे के चाचा हरनारायन का पुत्र जीतेंद्र उर्फ नीतू बाइक से जखेड़ी जा रहे थे। रात करीब नौ बजे राठ-हमीरपुर मार्ग पर धनौरी गांव से कुछ आगे ट्रैक्टर को ओवर टेक करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया।
बाइक सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई कृष्ण कुमार और दूल्हे का चचेरा भाई जीतेंद्र उर्फ नीतू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय कृष्ण कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में नीतू की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो भाइयों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। पिता कृपाल लोधी ने बताया उसके बेटे रविंद्र कुमार की शादी हो चुकी है।