मौदहा (हमीरपुर)। सिसोलर गांव में महाराजा बाबा के तीन दिवसीय मेला महोत्सव के अंतिम दिन विशाल दंगल हुआ। इसमें सबसे बड़ी कुश्ती भारत केशरी रामेश्वर यादव व हरियाणा के पहलवान साहिल के बीच हुई। इसमें भारत केसरी ने दंगल जीत लिया। आयोजक मंडल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पहली कुश्ती धीरू पहलवान मूगुस व सिसोलर के अजीत के बीच हुई। इसमें धीरू ने विजयी रहे। फिरोजाबाद के लवकुश ने कुलदीप डेढ़ा को हराया। शिवाय एटा और बीरेंद्र डेढ़ा की कुश्ती बराबरी पर छूटी। राधेश्याम मिरगहनी ने विवेक हरियाणा को पटकनी दी। हेमचंद्र टोला ने चंदू गोरखपुर को पराजित किया। दिल्ली की सौम्या और बांदा की पायल पहलवान के बीच रोचक कुश्ती हुई जो बराबरी पर छूटी। फिरोजाबाद के हैप्पी ने गाजियाबाद के सतेंद्र को हरा दिया। स्टील बाडी हरिद्वार ने गुल्ला लखनऊ को हराया। दंगल में बाइक और 51 हजार रुपये की ईनामी कुश्ती भारत केशरी रामेश्वर यादव और साहिल पहलवान हरियाणा के बीच हुई। इस रोमांचक मुकाबले में भारत केशरी ने हरियाणा के साहिल पहलवान को पराजित कर दंगल जीत लिया।
दंगल में लक्ष्मण सिंह तिलसरस और लल्लू पहलवान मवई ने रेफरी की भूमिका अदा की। दौड़ व दंगल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक युवराज सिंह इचौली ने कहा कि हार मुझे आगे और मेहनत करने की नसीहत देती है। जो पराजित हुए वह निराश न हों। वहीं उन्होंने कहा कि दंगल गांव से विलुप्त हो रहे है,बढ़ावा देने की जरूरत है। युवा पीढ़ी को इन पहलवानों से सबक लेना चाहिए।
सबसे तेज दौड़े मसगांव के विकास
महाराजा बाबा का ऐतिहासिक मेला के तीसरे दिन शुक्रवार की सुबह खेल स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। दौड़ में 60 एथलेटिक्स ने भाग लिया। फाइनल राउंड में आठ प्रतिभागी दौड़े। इसमें मसगांव के विकास ने सबसे तेज दौड़ लगाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दूसरे स्थान पर किसवाही गांव के विकास सिंह रहे। तीसरे स्थान पर मसगवां के अनुज रहे। आयोजक मंडल और मौजूद अतिथियों ने सभी विजेताओं को शील्ड, मेडल व पारितोषक प्रदान कर सम्मानित किया।