मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के एसपीएस पब्लिक स्कूल में सोमवार को युवा स्पोर्ट्स फेस्ट का शुभारंभ एसडीएम करनवीर सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट और परेड प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विशेष नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
फुटबॉल प्रतियोगिता में पहला मुकाबला आर्यभट्ट हाउस और कलाम हाउस के बीच हुआ। टॉस कलाम हाउस ने जीता। मैच में आर्यभट्ट हाउस के खिलाड़ी खालिद ने दो गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में बोस हाउस ने रमन हाउस को 3-2 से हराया। एसडीएम ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता बढ़ती है। विद्यालय के प्रबंधक सिद्धांत पांडेय ने बताया कि दस दिवसीय खेल महोत्सव में फुटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी।
इस मौके पर सीओ राजकुमार पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार पांडेय, अवधेश पालीवाल, प्रधानाचार्य पंकज कुमार श्रीवास्तव, रवींद्र सिंह राठौर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं व अभिभावक मौजूद रहे।