हमीरपुर। यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा के दौरान पूछे गए एक प्रश्न के विकल्प में पंडित शब्द को लेकर ब्राह्मण समाज में गहरा रोष व्याप्त है। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद की जिला अध्यक्ष दीपा तिवारी ने बताया कि 14 मार्च 2026 को आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा के हिंदी खंड में तीसरा प्रश्न ऐसा पूछा गया, इससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। इस तरह के विवादास्पद प्रश्नों को परीक्षा में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे प्रश्न तैयार करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर नरेंद्र कुमार बाजपेयी, अमित तिवारी, स्वाति, पंकज, बृजेश बादल सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।