फोटो 26 एचएएमपी 15- कार की टक्कर से टूटा बिजली का पोल। संवाद
- फोटो : 1
मौदहा (हमीरपुर)। कपसा रोड स्थित रहमानिया इंटर कॉलेज के पास सोमवार देर रात भीषण गर्मी और बिजली कटौती के बीच घर के बाहर बैठे एक बुजुर्ग को नशे में धुत तेज रफ्तार कार चालक ने कुचल दिया।हादसे के बाद कार सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कपसा मार्ग निवासी अरशद उर्फ बाबू (60) बिजली कटौती के कारण सोमवार की रात घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। इसी दौरान कपसा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर उन्हें कुचलते हुए सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास में लगा बिजली का पोल टूट गया और दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अरशद दोनों कारों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल रेफर किया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बहनोई अब्दुल नफीस ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा तक टूट गया। बहन तोफा बानो ने बताया कि अरशद घर में अकेले रहते थे और गर्मी के कारण बाहर बैठे थे। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि कार चालक मोहम्मद आबिर निवासी हुसैनिया शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फोटो 26 एचएएमपी 15- कार की टक्कर से टूटा बिजली का पोल। संवाद- फोटो : 1