राठ (हमीरपुर)। युवक को शराब में तेजाब मिलाकर पिलाने के मामले में युवक की मौत होने पर परिजन भड़क गए। उन्होंने कोतवाली के सामने सड़क पर जाम लगा दिया।
वहां से निकल रहीं विधायक के काफिले को रोक लिया। विधायक ने कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश देकर परिजनों को शांत कराया। करीब आधा घंटे बाद जाम खुल गया।
कोतवाली क्षेत्र के टोला गांव निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि 12 अगस्त को उनके भाई भीमपाल (35) को गांव के ही सीताराम अनुरागी व उसके पुत्र भानसिंह ने अपने घर में बुलाया था। आरोप लगाया दोनों ने उनके भाई को शराब में तेजाब पिलाकर हत्या की कोशिश की गई।
हालत बिगड़ने पर भाई को झांसी, कानपुर व ग्वालियर में इलाज कराया। बताया कि मंगलवार रात झांसी में इलाज के दौरान भाई भीमपाल की मौत हो गई। बुधवार को परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए लाए।
परिजनों ने आरोप लगाया वह लोग कोतवाली गए थे, लेकिन पुलिस ने मुकदमा लिखने से इन्कार कर दिया। उधर, आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली के सामने जाम लगा दिया। वहां से निकल रहीं विधायक मनीषा अनुरागी के काफिले को रोक कर अपनी समस्या बताई। विधायक ने कोतवाल को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद जाम खुला।
भीमपाल मजदूरी करता था। उसकी मौत से पत्नी सुखवती, बेटे बाबू व चीकू का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज है और आरोपी भी जेल में हैं। कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।