संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्यालय स्थित राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 24वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने दमखम दिखाया। सीनियर बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में महोबा के अजेंद्र सिंह ने प्रथम व जिले के पृथ्वीराज सिंह ने दूसरा स्थान पाया। प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
24वीं मंडलीय माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गई। जिनमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को डीआईओएस केके ओझा ने किया। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों में प्रधानाचार्य मौजूद रहे। संयोजक प्रधानाचार्य गांधी इंटर कॉलेज मौदहा के प्रधानाचार्य इजराईल खां ने सभी का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता दौरान बालक सीनियर वर्ग की 400 मीटर बाधा दौड़ में तिंदवारी के समरजीत सिंह प्रथम, कर्वी के अजय सिंह द्वितीय, अतर्रा के सुनील तृतीय स्थान पर रहे।
बालिका में कर्वी की प्रतिभा सिंह प्रथम, महोबा की रेशमी द्वितीय व बांदा की आराधना तृतीय रही। जूनियर बालिका में बांदा की खुशी यादव प्रथम, मुस्करा की सतरुपा द्वितीय व तिंदवारी की माया तीसरे स्थान पर रही। वहीं बालक वर्ग में बांदा के हाशिम प्रथम, शिवम द्वितीय व महोबा के बृजकिशोर तृतीय रहे। सीनियर बालिका की 500 मीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में रामनगर की फूल कुमारी प्रथम, कर्वी की प्रतिमा सिंह द्वितीय व चरखारी की दीपिका तीसरे स्थान पर रही।
सीनियर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में मऊ की अनुवेशिका देवी ने प्रथम बांदा की जानवी ने द्वितीय व शिल्पी पटेल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालक में आजम प्रथम, रिंकू द्वितीय व अनूप तृतीय रहे। बालिका में मनोरमा प्रथम, सपना द्वितीय व शिवानी देवी तृतीय रहीं। सीनियर बालक की 1500 मीटर दौड़ में रामलखन प्रथम, आशीष द्वितीय व सुधीर कुमार तीसरे नंबर पर रहे। बालिका वर्ग में रिंकी देवी प्रथम, सुनीता द्वितीय व राधा तृतीय रही।
तवा फेंक सीनियर बालक प्रतियोगिता में किशन तिवारी प्रथम, कपिल कुमार द्वितीय व अजीत तृतीय रहे बालिका में नीलम प्रथम, वैष्णवी द्वितीय व तनू सिंह तृतीय रही। इसके अलावा सीनियर जूनियर वर्ग के बालक बालिकाओं की त्रिकूद, हैमर थ्रो प्रतियोगिता भी कराई गई।