मौदहा। गेहूं खरीद में किसानों की परेशानी को देखते एक सप्ताह के लिए खरीद की तिथि बढ़ा दी गई है। जिससे टोकन लिए केंद्रों में पड़े किसानों का गेहूं खरीदा जा सके। वहीं कुरारा में सर्वर डाउन रहने से बुधवार को खरीद का काम ठप रहा।
सिसोलर व इचौली गांव में कभी बारदाना का अभाव तो कभी छुट्टी के कारण तौल प्रभावित रही। अंत में खरीद केंद्रों के बंद होने की आखिरी तारीख तक बमुश्किल आधे किसानों का ही गेहूं खरीदा गया है। किसान खरीद की तारीख बढ़ने का इंतजार कर अपने ट्रैक्टर मंडी में ही खड़े किए रहे।
विपणन शाखा खरीद केंद्र के प्रभारी सुभाष चंद ने बताया अब 22 जून तक सभी किसानों के गेहूं की तौल होगी। कुरारा संवाद के अनुसार बुधवार को सर्वर न होने से खरीद नहीं हो पाई। केंद्र में मौजूद किसान मानस प्रताप जल्ला, कृष्ण कुमार बेरी, रणविजय कुसौलीपुरवा, राधेश्याम मनकी, रामकिशोर भैंसापाली, राघवेंद्र सिंह पारा आदि ने बताया खरीद की तिथि बढ़ने से खुशी है।