राठ। शासन की ओर से खोले गए गेहूं क्रय केंद्रों की स्थिति इस वर्ष बदहाल है। एक केंद्र प्रभारी के बीमार होने से दस दिन से खरीद नहीं हुई। वहीं दूसरे से उठान न होने पर खरीद ठप है। सिर्फ दो केंद्रों पर खरीद की जा रही है। एक अप्रैल को नगर में चार क्रय केंद्र खोले गए थे। क्षेत्रीय सहकारी समिति में दो दिन से गेहूं की खरीद बंद है। प्रभारी भूपेंद्र पाल ने बताया 3750 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है।
उठान न होने से गेहूं के बोरे रखने के लिए जगह नहीं है। उठान होते ही गेहूं की खरीद शुरू कर दी जाएगी। वहीं पीसीएफ केंद्र प्रभारी अब्दुल शहजाद चुनाव ड्यूटी से बीमार चल रहे हैं। हालत गंभीर होने पर परिजन दिल्ली में उनका इलाज करा रहे हैं। जिसके चलते दस दिन से केंद्र पर खरीद ठप है। एसएमआई प्रभारी राजेश कुमार ने बताया अभी तक तेरह हजार क्विंटल की खरीद हो चुकी है। बोरों की उठान में देरी हो रही है। भारतीय खाद्य निगम प्रभारी नरेंद्र कुशवाहा ने बताया 12349 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। उठान न होने की समस्या से वह भी परेशान हैं। (संवाद)