हमीरपुर। जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय व लेखा विभाग की मिली शिकायतों पर एडी बेसिक बांदा ने मुख्यालय पहुंच निरीक्षण किया। वहीं मुस्करा ब्लाक के स्कूलों का भी निरीक्षण किया। जहां स्कूल संचालन के समय खंड शिक्षाधिकारी द्वारा बैठक बुलाए जाने पर नाराजगी जता कारण बताओं नोटिस जारी किया है। वहीं लेखा विभाग में गड़बड़ी पाए जाने पर उसे जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए है।
सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेंद्र द्वारा मिलने वाला लाभ न दिए जाने की शिकायत व बाबूलाल विश्वकर्मा ने एक लिपिक की तैनाती नियम विरुद्ध होने की शिकायत की। जिसकी जांच को बांदा से आए एडी बेसिक अरुण कुमार ने बीएसए कार्यालय पहुंच संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने मुस्करा ब्लाक के स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बीएसए कार्यालय में सब ठीक पाया गया। जबकि लेखा विभाग में कई अनियमिताएं मिली है। जिन्हें तीन दिन में ठीक करने के लेखाधिकारी को निर्देश दिए गए है। बताया कि ऐसा न होने पर उचित कार्यवाही की जाएगी। वहीं उन्होंने मुस्करा के बीईओ प्रभाकर सिंह तोमर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। कहा कि नियमानुसार स्कूल संचालन के दौरान कोई बैठक नहीं आयोजित की जानी चाहिए। लेकिन बीईओ मुस्करा द्वारा आदेश जारी कर बुधवार सुबह आठ बजे से बैठक बुलाई। जिसमें शिक्षकों के साथ संकुल, आरपी व एआरपी को शामिल किया गया। कहा कि शिक्षकों को किसी तरह की परेशानी न हो और शैक्षिक कार्य बेहतर ढंग से समय पूर्वक संपन्न हो इसके लिए वह प्रयास कर रहे है। इसमें बाधा बनने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।