गहरौली (हमीरपुर)। थाना मुस्करा क्षेत्र के बिहुनी कला गांव स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में तैनात फार्मासिस्ट ने अस्पताल के सफाई कर्मचारी पर अभद्र टिप्पणी और मारपीट की कोशिश का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को सूचना दी गई जिसके आधार पर जांच की जा रही है।
फार्मासिस्ट राकेश कुमार मिश्रा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:40 बजे अस्पताल में तैनात सफाई कर्मचारी कल्लू ड्यूटी पर आया। सफाई करने की बात कहने पर वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने ब्राह्मण समाज को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की और मारपीट पर उतारू हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस टीम मौके पर गई थी, लेकिन अस्पताल बंद मिला। आगे कार्यदिवस में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।