मौदहा। ऑटो चालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को ग्राम गुसियारी रेलवे क्रॉसिंग के पास पढ़ोहरी निवासी ऑटो चालक उदयभान (38) खून से लथपथ पड़ा मिला था।
इचौली चौकी प्रभारी मनोज पांडेय ने एंबुलेंस की सहायता से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर रविवार शाम पुलिस ने सिजनौड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना नाम नवीन बरनवाल निवासी ग्राम त्रिलोकपुर जनपद भदोही बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि ऑटो चालक उसे लंगड़ा कहकर गाली दे रहा था जिससे नाराज होकर उसने उसकी पिटाई की थी। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा गया।