सरीला (हमीरपुर)। जरिया के बौखर गांव में खंभे पर चढ़कर बिजली ठीक करते समय प्राइवेट मिस्त्री करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीण उसे सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बौखर गांव निवासी हरिशंकर तिवारी मजदूरी करते हैं। उनका इकलौता बेटा अवधेश (30) भी उनके काम में हाथ बंटाता था।
वह बिजली मिस्त्री भी था। गांव में प्राइवेट तौर पर बिजली का काम करता था। रविवार को वह बिजली के खंभे पर चढ़कर काम रहा था। तभी करंट लगने से नीचे गिर गया। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उसे सीएचसी धगवां में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी चंडौत योगेश कुमार ने बताया युवक की मौत खंभे से नीचे गिरने से हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पिता हरि शंकर ने बताया उसके एक साल का बेटा है, शादी लगभग डेढ़ साल पहले हुई थी। उधर, मौदहा में करगांव निवासी महेंद्र (22) पुत्र सोहन बिजली के पोल पर चढ़कर केबल लगा रहा था।
तभी वहां से गुजर रहे एक ट्रक में केबल फंसने से वह पोल समेत नीचे गिरकर घायल हो गया। उधर बिवांर के बिगहना गांव निवासी तहशीन खातून स्विच ऑन करते समय करंट से झुलस गई।
करंट से प्रधान के भाई की मौत
गहरौली। सिवनी गांव में करंट से प्रधान के चचेरे भाई की मौत हो गई। सिवनी डेरा के प्रधान प्रतिनिधि हरिश्चंद्र ने बताया कि उनका चचेरा भाई रामदयाल (65) रविवार की सुबह बल्ब लगाने के लिए होल्डर बदल रहा था। तभी लाइट आ जाने पर करंट की चपेट में आ गया। जानकारी होने पर उसे तुरंत सीएचसी मुस्करा ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संवाद