भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। पचखुरा बुजुर्ग में बुधवार रात गैस सिलिंडर में लीकेज से आग लग गई। हादसे में छह हजार रुपये, पांच क्विंटल गेहूं व गृहस्थी का सामान जल गया। लपटे देखकर ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
पचखुरा बुजुर्ग निवासी अक्षय कुमार प्रजापति की पत्नी विद्या प्रजापति के नाम गैस कनेक्शन है। बुधवार को अक्षय कुमार सिलिंडर एजेंसी से लाया था। शाम करीब 7:30 बजे घर में खाना पकाते समय सिलिंडर में लीकेज से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सिलिंडर से उठ रहीं लपटों के कारण ग्रामीण आग बुझाने का साहस नहीं कर सके।
शोर सुनकर एकत्र हुए कुछ साहसी युवकों ने आग बुझाने की कवायद शुरू की। सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया। तब तक आग से घर में रखे छह हजार रुपये, पांच क्विंटल गेहूं, गृहस्थी का सामान, कपड़े व बर्तन आदि जलकर राख हो गए।
पीड़ित ने बताया आग से करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पर दमकल पहुंची। मगर तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था।