भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। संविदा कर्मी के साथ हाईटेंशन लाइन में काम करते समय प्राइवेट लाइनमैन को करंट लग गया। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
कुंडौरा निवासी रामसजीवन उर्फ बउआ ने बताया गांव निवासी रामप्रताप पावर कारपोरेशन में चंदौखी सबस्टेशन में संविदा कर्मी हैं। शनिवार सुबह आठ बजे वह उनके पुत्र अमित कुमार (21) को लेकर वह टिकरौली में हाईटेंशन लाइन ठीक करने गया था। उन्होंने बताया रामप्रताप के अनुसार उसने चंदौखी सबस्टेशन के एसएसओ से टिकरौली फीडर का शट डाउन मांगा था।
लेकिन उसने टिकरौली की बजाय कुंडौरा फीडर का शट डाउन देकर कार्य की अनुमति दे दी। बताया अनुमति मिलने पर उसने अमित को हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ा दिया। उसने जैसे ही खंभे में चढ़कर तार पकड़ा तो करंट से जलने लगा और कुछ क्षणों में नीचे आ गिरा। आननफानन उपचार के लिए उसे सदर अस्पताल ले जाया गया।
जहां हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। अमित अविवाहित था और प्राइवेट सेक्टर की कंपनी में कार्य करता था। अवर अभियंता अभिषेक ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत काम कर रही टाटा कंपनी का कर्मी था।
टिकरौली गांव में भी यह काम कर चुका था। लाइन आदि खराब होने पर उपभोक्ता इससे काम करवा लेते थे। शनिवार को भी वह बिना शट डाउन लिए काम कर रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। उधर, सरीला के धौहलबुजुर्ग में पानी की टंकी के पास लगे नलकूप के ट्रांसफार्मर की अर्थिंग राड में उतरे करंट की चपेट में आने से गांव के भगवती प्रसाद की भैंस की मौत हो गई। पीड़ित ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।