कुरारा। कस्बे में सोमवार शाम छह बजे एक युवक अपनी शादी की मांग करते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम ने उसे नीचे उतारा। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा रही।
मौदहा थाना क्षेत्र निवासी नितेश कुमार उर्फ गोलू (24) ननिहाल झलोखर आया था। शाम के समय वह कुरारा पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़ गया। नितेश ने अपने मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय युवक उमेश प्रजापति ने टॉवर पर बैठे नितेश से फोन पर बात की। नितेश ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है और शादी करना चाहता है। उमेश ने आश्वासन दिया कि नीचे उतरने पर उसकी समस्या का समाधान होगा।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। शाम लगभग छह बजे शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान रात करीब एक बजे सफल रहा। नितेश को सुरक्षित नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। बाद में युवक को उसकी नानी व मामा के सुपुर्द कर दिया गया। नानी लीलावती ने बताया कि नितेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है जिसका इलाज ग्वालियर में है।