हमीरपुर। शहर के लक्ष्मी बाई तिराहा पर बाइक व ई-रिक्शा में आमने सामने भिडंत हो गई। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल भिजवाया। बाइक सवार सिर पर हेलमेट नहीं लगाए था, इस वजह से सिर में चोट आई है।
जानकारी के असुसार रात 08:50 पर ई-रिक्शा लक्ष्मी बाई तिराहे की तरफ से आ रहा था। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार आ रहे बाइक सवार ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर में भी चोट आ गई। लहूलुहान हालत में घायल को राहगीरों ने किसी तरह जिला अस्पताल भिजवाया। बाइक सवार की पहचान चंदौली तीर निवासी नंदकिशोर 22 वर्ष के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि घायल नशे में था और चोट लगने से बेसुध हो रहा था। गंभीर चोट होने की वजह से जिला चिकित्सालय से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दोनों ही वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस को सूचना दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस दोनों वाहनों को कोतवाली ले आई है।