फोटो 26 एचएएमपी 21- मृतक शोभित पाल की फाइल फोटो। परिजन
मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गहरौली खुर्द गांव के एक युवक का शव रविवार दोपहर अरतरा-तिंदुही रेलवे क्रॉसिंग के पास खेत में पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दोस्त का कहना है कि साथी ने फोन कर उससे फंदा लगाने की बात कही थी।
गहरौली खुर्द निवासी जयकरन पाल का बेटा शोभित पाल (18) मौदहा कस्बे में एक दूध डेयरी पर काम करता था और वहीं रहकर गांधी इंटर कॉलेज में बारहवीं में पढ़ता था। मां प्रमिला देवी ने बताया कि वह तीन दिन पहले गांव आया था और उसने किसी तरह की परेशानी की बात नहीं बताई थी। बताया कि शोभित परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर को डायल-112 पर शोभित के एक दोस्त ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। बताया कि उसके साथी का फोन आया है और वह फंदा लगाकर जान देने की बात कह रहा है। इसी बीच युवक के लापता होने की सूचना भी पुलिस को मिली। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेतों में पशु चरा रहे चरवाहों ने एक युवक का शव फंदे से लटका होने की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवक का मोबाइल घटनास्थल के पास जमीन पर पड़ा मिला लेकिन स्विच ऑफ होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि घटना के समय वह चालू था या बंद। बताया कि मृतक की मां से किसी बात को लेकर विवाद होने की अपुष्ट जानकारी भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
फोटो 26 एचएएमपी 21- मृतक शोभित पाल की फाइल फोटो। परिजन