- 17 तक समिति को करना होगा सत्यापन, 30 दिसंबर तक होगा केंद्रों का निर्धारण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए तहसील स्तर पर गठित चार सदस्यीय समिति में एसडीएम अध्यक्ष, नामित अभियंता सदस्य, तहसीलदार सदस्य और शिक्षा विभाग का अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। यह समिति विद्यालयों के स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति के तहत विद्यालयों ने अपना डाटा अपलोड कर दिया है। इसके लिए तहसील स्तरीय समितियां विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर रही हैं और 17 नवंबर तक रिपोर्ट जमा करेंगी।
भौतिक सत्यापन के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या गलत जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई होगी। सत्यापित रिपोर्ट के आधार पर परिषद केंद्रों की प्रारंभिक सूची 27 नवंबर तक जारी करेगी। चार दिसंबर को आपत्तियां ली जाएंगी। 11 दिसंबर तक आपत्तियों का निस्तारण कर सूची तैयार की जाएगी। 30 दिसंबर तक केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा।
केंद्र बनने के मानक
- चहारदीवारी युक्त विद्यालय भवन।
- प्रशासनिक कार्यालय से लेकर परिसर और परीक्षा कक्ष तक सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था।
- निर्बाध बिजली आपूर्ति।
- चालू हालत में विद्यालय की स्थिति।
- पेयजय, शौचालय की समुचित व्यवस्था।
- पृथक प्रशासनिक कार्यालय
- विद्यालय में वाईफाई की सुविधा अनिवार्य।
-
जिले में संचालित 153 माध्यमिक विद्यालय
जिले भर में कुल 153 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें 32 राजकीय विद्यालय हैं। जबकि 97 विद्यालय सहायता प्राप्त संचालित है। इसके अलावा 99 विद्यालय वित्त विहीन संचालित हैं। इनमें हाईस्कूल के 15,093 व इंटरमीडिएट के 13,759 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।