हमीरपुर। छात्र संघ चुनावों को लेकर पुलिस मुस्तैद हो गई है। पुलिसकर्मी कालेज में प्रवेश करने वाले बाहरी तत्वों पर पैनी नजर रख रहे हैं। सादी वर्दी में भी कालेज परिसर में पुलिस तैनात है। पुलिस कालेज में आने वाले छात्रों की वीडियो रिकार्डिंग कर रही है। छात्र संसद चुनावों को लेकर कालेज परिसर में मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस छात्रों की वीडियो रिकार्डिंग कर रही है। चुनावों के दौरान जो छात्र मारपीट में संलिप्त रहेगा।
पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगी। प्रशासन ने सिविल वर्दी में भी कालेज परिसर में पुलिस कर्मी तैनात कर रखे हैं। जो कालेज परिसर में चुनावी गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुुए हैं। इसके अतिरिक्त कालेज परिसर में प्रवेश करने वाले आउटसाइडरों को भी कैमरे में कैद किया जा रहा है। कालेज परिसर में तीनों छात्र संगठनों की रैलियों, धरना प्रदर्शनों को कैमरे में रिकार्ड किया जा रहा है। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा का कहना है कि छात्र संघ चुनावों को शांतिपूर्वक माहौल में करवाने के उद्देश्य से प्रशासन मुस्तैद है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जो कोई छात्र मारपीट या संदिग्ध परिस्थितियों में कालेज परिसर में पाया जाता है। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्र संगठनों से सहयोग की अपील की।