टौणी देवी (हमीरपुर)। सिसवां गांव में एक व्यक्ति की मौत के बाद कपड़े धोने की रस्म अदा कर रहे तीन दर्जन लोगों पर अचानक मधु मक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इसमें दो दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर अवस्था में सभी लोगों को टौणी देवी अस्पताल लाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं को उपचार अभी चल रहा है। अन्य को छुट्टी दे दी गई।
सिसवां गांव में एक व्यक्ति की मौत हुई थी तथा उसकी नौवीं पर एक कुएं पर कपडे़ धोने की रस्म अदा की जा रही थी। रस्म अदायगी जैसे ही समाप्त होने को थी तो मधु मक्खियों के झुंड ने अचानक उनके ऊपर हमला कर दिया। दो दर्जन लोग इसकी चपेट में आ गए। कुछ पुरुषों ने बचाव के लिए पानी में छलांग लगा दी। धुआं करने के बाद मधु मक्खियां वहां से जाने लगी। तब तक दो दर्जन लोगों को इन्होंने अपना शिकार बना लिया था। जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल टौणी देवी उपचार के लिए लाया गया।
घायलों में सिसवंा गांव के ओम प्रकाश, कमलजीत, संगीता, कमलेश, बलदेव, मालती, सुरेश, पंकज, मुकेश, शिवाशं, रत्तो, अनिल, धर्म चंद, मुलाणा गांव के सुनील, ढांगू गांव के परमानंद, तृप्ता, उर्मिला, अमृती, शांति, प्रेम चंद, नीलम सहित अन्य शामिल हैं। बुधवार सुबह हुई इस घटना के बाद दोपहर को अधिकांश लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गंभीर घायल चार महिलाओं का अभी तक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डा. आरके अग्निहोत्री का कहना है कि सभी घायलों के अस्पताल में पहुंचने पर तुरंत उनका उपचार किया गया। चार महिलाओं का उपचार अभी चल रहा है। सभी अब खतरे से बाहर हैं।