टौणी देवी (हमीरपुर)। नाड़सी पंचायत के हसरन गांव की महिलाएं सड़क निर्माण के विरोध में उतर आई हैं तथा निर्माणाधीन कार्य को रोक दिया गया है। निर्माण स्थल पर महिलाओं के प्रदर्शन के बाद कार्य फिलहाल रुक गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि कार्य को पूर्ण रूप से बंद न किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। महिलाएं भाजपा का झंडा लिए निर्माण स्थल पर डटी रहीं तथा मजदूरों को काम नहीं करने दिया।
नाड़सी पंचायत के हरसन गांव में हरसन से भारीं गांव के लिए संपर्क सड़क का निर्माण किया जा रहा है। विकास खंड टौणी देवी के माध्यम से इसका निर्माण किया जा रहा है। सरकार ने सड़क निर्माण को तीन लाख रुपये की पहली किस्त जारी की है। इससे हरसन गांव से सड़क निर्माण शुरू किया गया है। लेकिन रविवार से ग्रामीणों व स्थानीय महिलाओं ने सड़क निर्माण स्थल पर धरना देकर कार्य को पूरी तरह से बंद करवा दिया। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को महिलाओं ने हटा दिया। पंचायत प्रधान सुखदेव सिंह व अन्य प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण में बाधा न डालने का आग्रह किया, लेकिन महिलाओं का आक्रोश कम नहीं हुआ। शारदा देवी, पुष्पा देवी, शकुंतला देवी, सुमन लता, मीना, सुकन्या देवी, मीरां देवी, आशा व कुंती सहित अन्य महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक परिवार को लाभ पहुंचाने के लिए सड़क निर्माण किया जा रहा है। इसमें ग्रामीणों को विश्वास में नहीं लिया गया तथा अपनी मनमर्जी से कार्य शुरू कर दिया गया। सड़क निर्माण से उनके घरों, जमीन व पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा है। सोमवार को भी यही स्थिति रही। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री, एसडीएम से भी मिल चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पंचायत ने अपनी हठ न बदली तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा तथा सड़क निर्माण किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा।
पंचायत प्रधान सुखदेव का कहना है कि सड़क निर्माण सरकारी भूमि पर करवाया जा रहा है तथा कुछ लोग इस मामले को बिना वजह तूल दे रहे है। विकास खंड टौणी देवी के कनिष्ठ अभियंता नरेश पटियाल का कहना है कि सड़क निर्माण पंचायत की संस्तुति के बाद किया जा रहा है।