अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)।
पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत बड़ बदार में एक कार 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक कार सवार की मौत हो गई जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे क्षेत्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं चालक की पत्नी को हादसे में मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार सुबह करीब पौने नौ बजे राजेंद्र कुमार पुत्र माता शरण निवासी भवारना अपने पिता और पत्नी कुमकुम के साथ सुजानपुर से शिमला जा रहा था। जैसे ही वह बड़ बदार के पास पहुंचा तो कार सड़क किनारे करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में माता शरण (90) पुत्र स्व. तारा चंद निवासी भवारना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चालक राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। यहां राजेंद्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। कुमकुम को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। माता शरण के शव को पुलिस ने मौके पर पहुंच कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। एएसपी डॉ. शिव कुमार शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।