हमीरपुर/मौदहा। डीएम घनश्याम मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सरीला तहसील सभागार में किया गया। इसमें 74 शिकायतें दर्ज की गई। मौके पर महज आठ शिकायतों का निस्तारण हो सका। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वह समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। दूसरी तरफ मौदहा में एडीएम वित्त एवं राजस्व ने शिकायतों को सुना और मौके पर तीन का निपटारा किया।
डीएम व एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने लोधीपुरा गांव में मिशन शक्ति योजना के तहत कुम्हारी कला क्षेत्र में मिट्टी के बर्तन बनाने व मिट्टी निकालने के लिए पट्टाधारक मानकुंवर, रामवती, प्रकाश रानी, धनवंती व रघुवर को पट्टा प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही दैवी आपदा से प्रभावित चार लोगों के वारिसों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी। वहीं, एग्री स्टेक योजना अंतर्गत खरीफ पड़ताल में एक दिन में 300 से अधिक गाटों का सर्वे करने पर सर्वेयर रामनरेश व रिंकी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मौदहा तहसील सभागार में एडीएम विजय शंकर तिवारी की अध्यक्षता में 26 से अधिक शिकायतें आईं। मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। मौदहा क्षेत्र के पाटनपुर गांव के किसान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग के एफपीओ योजना के तहत कृषि यंत्र की बुकिंग की थी और टोकन मनी जमा की थी, लेकिन विभाग ने न तो यंत्र उपलब्ध कराया और न ही टोकन मनी वापस की है।